मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र स्थित एम जी आई पब्लिक स्कूल में मान्यता प्राप्त विद्यालय विकास संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के निजी विद्यालय संचालकों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन करना तथा निजी विद्यालयों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श करना रहा। कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सुरेश पाल सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा होते ही उपस्थित लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि सुरेश पाल सिंह लंबे समय से निजी विद्यालयों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं तथा शिक्षकों और विद्यालय संचालकों के हितों की आवाज बनकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनेगा।
नई कार्यकारिणी में योगेन्द्र कुमार त्यागी को संरक्षक, यशवीर सिंह को संयोजक, अनिल कुमार को महासचिव, शाहनजर को कोषाध्यक्ष तथा मोहम्मद इस्तखार को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त दीपक कुमार, जीत राम, उस्मान अली, अर्शद अली, इरफान अली, वीरेंद्र कुमार, दिलावर खान, सैफ अली और अजय शर्मा सहित कई अन्य सदस्यों को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव अधिकारी यशपाल सिंह पुंडीर की देखरेख में संपन्न हुई, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिक अली ने किया। बैठक के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, निजी विद्यालयों की चुनौतियों, शिक्षकों के अधिकारों तथा विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को लेकर गंभीर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा करने तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मार्गदर्शक मंडल में यशपाल सिंह पुंडीर, डॉ. आशिक अली, प्रवीण देशवाल, समय सिंह और सतेन्द्र त्यागी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।























































