अयोध्या। रायगंज पुलिस चौकी से चंद कदम दूर स्थित नरसिंह मंदिर के परिसर में मंगलवार देर रात पेड़ से गमछे के सहारे लटका एक अधेड़ का शव मिला है। कब्जेदारी के विवाद और महंत के लापता होने को लेकर चर्चित नरसिंह मंदिर में मिले शव की पहचान पुलिस अभी तक नहीं कर सकी है।मृतक के शरीर पर साधुओं जैसा सफेद कुर्ता और धोती है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। नरसिंह मंदिर कब्जेदारी के विवाद में बमबाजी को लेकर चर्चा में आया था। मंदिर के महंत 90 वर्षीय रामशरण दास गत वर्ष जनवरी में प्रयागराज मेले के पहले से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। कुछ ही महीने बाद मंदिर के पुजारी राम शंकर दास ने सोशल मीडिया पर लाइव होने के बाद मंदिर स्थित कमरे में ही फंदे से लटककर जान दे दी थी।वर्तमान में मंदिर की निगरानी में पुलिस कर्मियों की भी तैनात की गई है। ऐसे में मंदिर परिसर में शव मिलने से कई सवाल खड़े हुएहैं । कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई भी वस्तु बरामद नहीं हुआ है। जांच-पड़ताल की जा रही है।















