60 लाख की बीमा राशि हड़पने वाले साइबर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि हड़पने वाले एक संगठित साइबर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में हरिद्वार निवासी सुमनलता ने बजाज आलियांज इंश्योरेंस लिमिटेड में जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। बाद में आर्थिक कारणों से वह नियमित रूप से प्रीमियम जमा नहीं कर सकीं, जिसके चलते उन्होंने पॉलिसी बंद कर जमा धनराशि वापस लेने का अनुरोध किया। बीमा कंपनी ने उनकी पॉलिसी के एवज में लगभग 60.37 लाख रुपये का मैच्योरिटी चेक जारी कर ब्लू डार्ट कूरियर के माध्यम से उनके पते पर भेजा था।हालांकि यह चेक लाभार्थी तक नहीं पहुंचा। जांच में पता चला कि चेक को धोखाधड़ीपूर्वक गायब कर दिया गया और उसके बाद नाम में हेरफेर करते हुए उसे मुजफ्फरनगर जनपद के बिरालसी निवासी एक महिला के बैंक खाते में जमा करा दिया गया। इसके बाद उक्त राशि को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया गया। जब पीड़िता को धनराशि प्राप्त नहीं हुई तो उन्होंने बीमा कंपनी से शिकायत की। कंपनी की आंतरिक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद इसकी जांच साइबर क्राइम थाना को सौंपी गई।

साइबर क्राइम पुलिस की विस्तृत विवेचना में यह स्पष्ट हुआ कि यह सुनियोजित और संगठित धोखाधड़ी थी, जिसमें कई लोगों की भूमिका शामिल थी। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts