स्मार्ट मीटरों पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, जन चौपाल में मंत्री ने लगाई अधिकारियों को फटकार

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ते असंतोष और तकनीकी खामियों के समाधान के लिए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सक्रिय पहल करते हुए नगर पालिका सभागार में जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आम जनता की समस्याएं सुनी गईं। चौपाल में पहुंचे करीब 50 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने रखीं, जिनमें सबसे प्रमुख समस्या अचानक बिजली आपूर्ति का बाधित होना रही। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि मीटर का डिस्प्ले और इंडिकेटर लाइट चालू रहने के बावजूद घरों की बिजली कट जाती है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा मीटर के जंप होने, गलत रीडिंग और तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई।

उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्मार्ट मीटर का उद्देश्य सुविधा देना है, न कि उपभोक्ताओं को परेशान करना। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, संभावित समस्याएं और उनके समाधान को लेकर एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाए, ताकि जनता को सही जानकारी मिल सके और भ्रम की स्थिति समाप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता की बिजली कटती है तो विभाग को तुरंत कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करना होगा।

चौपाल के दौरान अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली और विभाग की कार्यप्रणाली पर भरोसा बढ़ा। मंत्री ने भविष्य में ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन या शिकायत डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान उपस्थित अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को फील्ड स्तर पर सतर्कता बढ़ाने और उपभोक्ता संतुष्टि को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने दोहराया कि सरकार की मंशा है कि हर नागरिक को बिना किसी बाधा के मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts