मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पिंक स्कूटी रैली, महिलाओं को किया जागरूक

मुजफ्फरनगर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0(द्वितीय चरण)” अभियान के तहत रिजर्व पुलिस लाइन से पिंक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। पिंक स्कूटी रैली के जरिए पुलिस टीम विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को सरकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और कानूनों की जानकारी दे रही है। रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर रुककर महिलाओं से संवाद किया और उन्हें हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।इसके अलावा महिलाओं को साइबर अपराध, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे बिना डर के शिकायत दर्ज कराएं, पुलिस उनकी हर संभव मदद के लिए तत्पर है। इस रैली के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि महिलाएं न केवल सुरक्षित हैं बल्कि अपने अधिकारों के प्रति सजग और सशक्त भी बन रही हैं।मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लगातार इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और महिलाओं को एक सुरक्षित व आत्मविश्वासी वातावरण प्रदान करना है। इस पहल से महिलाओं में जागरूकता बढ़ रही है और वे अपने अधिकारों को लेकर पहले से अधिक सजग हो रही हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts