मालाखेड़ा में पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के एक विवादास्पद वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। रामनवमी के दिन नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा शालीमार राम मंदिर में पूजा अर्चना करने के खिलाफ ज्ञानदेव आहूजा द्वारा दिए गए अशोभनीय बयान से सर्व समाज के लोगों में गहरी नाराजगी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने मालाखेड़ा में आहूजा का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। ज्ञात हो कि आहूजा ने मीडिया को बयान देते हुए कहा था कि टीकाराम जूली का मंदिर में आना “सनातन विरोधी” है और अब मंदिर को गंगाजल से शुद्ध कर ही पूजा करेंगे। इस बयान से नेता प्रतिपक्ष के समर्थकों में रोष फैल गया। सोमवार शाम स्टेशन रोड पर जिला पार्षद प्रतिनिधि लालाराम सैनी, बाबूलाल बैरवा, लक्ष्मण सोलंकी, रूप सिंह चौधरी, सावित्री मीणा, गौरव सोलंकी, सरपंच बच्चू सिंह जाट, नरेंद्र मीणा सहित कई लोग प्रदर्शन में शामिल हुए और “ज्ञानदेव आहूजा मुर्दाबाद” तथा “टीकाराम जूली जिंदाबाद” के नारे लगाए।















