अलवर के श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान, गांधी नगर स्थित ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय गोधन महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक विजय खुराना के सानिध्य में गौपालन, संवर्धन एवं गौ सुरक्षा कानून पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व निशक्तजन आयुक्त खिलीमल जैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गौ संरक्षण फेडरेशन राजस्थान के प्रांतीय अध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता विजय खुराना ने भारतीय गौवंश आधारित अर्थ एवं कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने, गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार सृजन, ईंधन क्रांति, गोबर एवं गौकाष्ठ के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। ज्ञानदेव आहूजा ने गौ सेवा को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए गौ माता की कृपा प्राप्त करने पर बल दिया। खिलीमल जैन ने गौ सेवा को परमात्मा की सेवा बताया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। बुध विहार के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल कुमार, पशुधन सहायक विजय सिंह, तूलेड़ा गौशाला अध्यक्ष महेंद्र कुमार सैनी सहित अन्य समाजसेवियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। श्री गोपाल गौशाला जखराना के संस्थापक संचालक रमाकांत तिवारी का भी सार्वजनिक अभिनंदन किया गया।
गोष्ठी में एडवोकेट सुभाष नकड़ा ने बांसुरी वादन प्रस्तुत किया, जबकि समाजसेवी देवेंद्र छाबड़ा एवं प्रकाश पंकज द्वारा फल वितरण कराया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद दिनेश शर्मा ने किया और अंत में संयुक्त संयोजक अशोक आहूजा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।















