बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलीय विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मंडल के चारों जिलों—बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा—के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे विभागीय योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। आयुक्त ने फैमिली आईडी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे तथा कॉमन सर्विस सेंटरों की पंचायत स्तर पर प्रभावी स्थापना की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण हो और नगर निकाय व पशु चिकित्सा अधिकारी गौशालाओं में गौवंश संरक्षण की स्थिति सुधारें। एनआरएलएम के तहत हमीरपुर और महोबा में बैंक क्रेडिट लिंकेज की प्रगति लाने के भी निर्देश दिए गए। दिव्यांगजनों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख सरकारी भवनों में रैंप निर्माण और कॉमन सर्विस विंडो की स्थापना की बात कही गई। जल जीवन मिशन के तहत जहां जल कनेक्शन हो चुके हैं, वहां जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और टूटी सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने के आदेश दिए गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में चित्रकूट जिले की प्रगति पर बल देते हुए तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को बांदा और चित्रकूट में सेतु निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक और समय से पूर्ण करने को कहा गया। पर्यटन, शिक्षा, पोषण ट्रैकर एप, संचारी रोग नियंत्रण और ICDS के अंतर्गत महोबा व चित्रकूट में प्रगति लाने की बात भी कही गई।
बेसिक शिक्षा में जर्जर भवनों की पहचान और पुराने स्कूली वाहनों के संचालन पर रोक के निर्देश भी दिए गए। विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं में सभी पात्रों को समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। युवा स्वरोजगार योजना में चित्रकूट जिले को लक्षित करते हुए बिना ब्याज 5 लाख रुपये तक का ऋण देने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिकाओं को सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने और जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। चकबंदी कार्यों और पंचायतों में निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, अपर आयुक्त प्रशासन, संयुक्त विकास आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।















