मुंबई को एक नई हरी-भरी जगह मिलने वाली है जो आम लोगों के लिए होगी। इसके लिए रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की एनुअल जनरल मीटिंग के दौरान कोस्टल रोड गार्डन्स प्रोजेक्ट की घोषणा की है।इस प्रोजेक्ट का विजन और पहले नजारे शेयर करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि ये गार्डन 130 एकड़ में फैला होगा। इसमें 60 हजार से ज्यादा पेड़ होंगे, जो इसे शहर के सबसे बड़ी हरी-भरी शहरी जगहों में से एक बनाएंगे।
एजीएम में दी गई जानकारी के अनुसार, कोस्टल रोड गार्डन्स में टहलने के लिए वॉकिंग ट्रेल्स, बच्चों के लिए प्ले एरिया, परिवारों के लिए आकर्षण और खेल की आधुनिक सुविधाएं होंगी। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य है कोस्टल रोड कॉरिडोर के किनारे रहने वाले लोगों के लिए एक जगह बनाना जो मनोरंजन और प्रकृति दोनों का केंद्र हो।
इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए डिजाइन की गई जगह बताते हुए नीता अंबानी ने कहा कि यह गार्डन शहर के पर्यावरण और लोगों की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक निवेश के रूप में तैयार किया जा रहा है।
इस ऐलान के साथ प्रोजेक्ट की पहली झलक भी दिखाई गई, जिसका लक्ष्य है शहर में हरियाली बढ़ाना और मुंबईवासियों के लिए नई और खुली सार्वजनिक जगह उपलब्ध कराना।















