हेल्थ सिस्टम पर सीएमओ की कड़ी नजर: फलौदा, शेरपुर और पुरकाजी क्षेत्र का औचक निरीक्षण

मुज़फ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलौदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शेरपुर और बाढ़ग्रस्त पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की स्वच्छता, आवश्यक रजिस्टरों के रखरखाव, स्टाफ की उपस्थिति तथा चिकित्सा उपकरणों की कार्यशील स्थिति का गहन अवलोकन किया।फलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हाल ही में प्राप्त एक्सरे मशीन को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन इसके इंस्टॉलेशन में हो रही देरी पर नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने निर्देश दिया कि मशीन को तुरंत इंस्टॉल करके चालू किया जाए ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही एक्सरे सुविधा उपलब्ध हो सके और उन्हें दूर दराज के अस्पतालों में भटकना पड़े।इसके बाद उन्होंने शेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां दवाइयों के भंडार, मरीजों के पंजीकरण, स्टाफ उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति और सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सेवाएं समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ दी जाएं, जिससे ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को भरोसेमंद इलाज मिल सके।निरीक्षण के क्रम में पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र का भी दौरा किया गया, जो इस समय बाढ़ की चपेट में है। वहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा की स्थिति का मूल्यांकन किया और टीमों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में राहत कार्यों में ढिलाई हो। उन्होंने प्रभावित लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, दवा वितरण और मोबाइल चिकित्सा इकाइयों की तत्परता पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के पश्चात डॉ. तेवतिया ने साफ शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को तय मानकों के अनुसार समय पर इलाज मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समर्पण के साथ काम करें और क्षेत्रीय जनता के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts