मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएसडी स्टोर तथा बामनहेरी स्थित केंद्रीय ड्रग वेयरहाउस का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था, एक्सपायरी डेट, वितरण प्रणाली तथा साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया। सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को आवश्यक दवाइयों की कमी का सामना नहीं करना पड़े और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर समय से दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण की शुरुआत जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएसडी स्टोर से की गई, जहां डॉ. सुनील तेवतिया ने जीवनरक्षक और आवश्यक दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं के रख-रखाव, रिकॉर्ड संधारण और स्टॉक प्रबंधन की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से दवाइयों की एक्सपायरी डेट की जांच कराई और अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक्सपायर होने वाली दवाओं को समय रहते अलग कर नियमानुसार उनका निस्तारण कराया जाए। साथ ही स्टोर में साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बामनहेरी स्थित केंद्रीय ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां से जनपद के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को दवाइयों की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों के स्टॉक, वितरण प्रणाली और सप्लाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों तक पर्याप्त मात्रा में और समय पर दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पारदर्शी स्टॉक प्रबंधन और दवाइयों की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















