मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। जनसामान्य को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खालापार, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरतिया कॉलोनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं तथा चिकित्सकीय परामर्श की समुचित व्यवस्था हर समय सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा तथा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प भी लें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण बेहतर स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एक ओर जहां आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, वहीं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले और “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के माध्यम से जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। निरीक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts