मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश.

मुजफ्फरनगर। जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, जांच सेवाओं और शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसौली, कुटबा, गोयला, पुरबालियान, सोहजनी तागान और बोपाड़ा का दौरा किया तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। सीएमओ ने टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, प्रयोगशाला जांच, मरीजों के पंजीकरण, दवा वितरण और मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वाले लोगों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। डॉ. तेवतिया ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, जांच सुविधाओं को सुचारु रखने और सभी अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा जहां भी स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनियमितता पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts