उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज से नौ साल पहले प्रदेश में हालात कैसे थे, यह जनता अच्छी तरह जानती है। उस समय सपा सत्ता में थी और भाजपा विपक्ष में, लेकिन सपा की नीतियों और कार्यशैली के चलते पार्टी तितर-बितर हो गई। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि “मैं पूछूंगा कि काफिला क्यों लुटा? इधर-उधर की बातें न करें, सच्चाई से भागा नहीं जा सकता।”
सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश में अराजकता का तांडव देखने को मिला, जिसके लिए जिम्मेदार कौन था, यह भी जनता जानती है। उन्होंने माफिया राज पर सख्त रुख दोहराते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। माफिया के प्रति सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण के मुद्दे पर भी दो टूक शब्दों में कहा कि जिसने भी अवैध कब्जा किया है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से आम जनता को परेशानी होती है और इसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
योगी आदित्यनाथ ने सरकार के कामकाज के चार प्रमुख आयामों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने व्यक्ति, समाज और संस्थाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। सबसे पहले नागरिकों को सुरक्षा चाहिए और मन में सुरक्षा का अहसास होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है, निवेश बढ़ा है और विकास की कई योजनाएं धरातल पर उतरी हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, यही मजबूत और सुरक्षित उत्तर प्रदेश की पहचान है।
2017 से पहले यूपी की धारणा लोगों में अच्छी नहीं थी
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी की धारणा लोगों में अच्छी नहीं थी. लोगों के मन में अहसास है कि दंगा नहीं है. न्याय कैसे होता है? आपकी ही पार्टी की सदस्य थी, पूजा पाल, आप न्याय नहीं दिला पाए?
सीएम योगी ने कहा कि माफिया के सामने झुकना मजबूरी थी. आप बात तो पीडीए की करते हैं. न्याय कैसे करते हैं. ये हमारी सरकार ने तय किया है कि चाहे इस पक्ष का हो या उस पक्ष का हो. कब्जा कोई भी करेगा. उसको छोड़ूंगा तो नहीं. चाहे कहीं भी करे, कोई भी स्मारक पर, छोड़ूंगा नहीं.
उन्होंनेे साफ कहा कि छांगुर जैसे लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा. 2017 से पहले मेट्रो के नाम पर मजाक बनाया जाता था. 2017 से पहले यूपी में डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे. आज 22 एक्सप्रेस-वे हैं. 60 फीसदी यूपी के पास होगा.
अगले महीने से जेवर एयरपोर्ट का होगा संचालन
सीएम योगी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क यूपी में है. सबसे ज्यादा मेट्रो एवं एयरपोर्ट भी उत्तर प्रदेश में है. सीएम योगी ने ऐलान किया कि जेवर एयरपोर्ट अगले माह से संचालित होने वाला है. सीएम योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले बिना घूस दिए लोगों को नौकरी नहीं मिलती थी. अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हो गयी है.
उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि उनकी सरकार नकल माफिया के खिलाफ उसी प्रकार कार्रवाई करेगी जैसे क्रिमिनल के खिलाफ की गयी है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में दंगे कराकर माहौल को खराब करने की कोशिश की जाती थी. इससे राज्य में निवेश करने से निवेशक डरते थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में निवेश आ रहा है. हमारे यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है और नौजवान अब भटकने को मजबूर नहीं है.















