समर कैम्प के समापन पर बच्चों में दिखा उत्साह,

  • मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के निकट पर्यवेक्षण में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के अंतर्गत पुलिस मॉर्डन स्कूल, मुजफ्फरनगर में आयोजित समर कैम्प का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कुल 120 बच्चों ने सहभागिता की, जिनमें 62 छात्राएं एवं 58 छात्र शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समर कैम्प के दौरान बच्चों को अनुशासन, टीम भावना, सामाजिक मूल्यों एवं रचनात्मक सोच के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न खेल, शैक्षिक गतिविधियों और मनोरंजक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक अपराध द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस कैफे में सभी छात्र-छात्राओं को स्नैक्स, मैगी, रूहअफजा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष ट्रीट दी गई। बच्चों ने बड़े उत्साह एवं खुशी के साथ इस पल का आनंद लिया। पुलिस अधिकारियों और स्कूल स्टॉफ ने भी बच्चों के साथ समय बिताकर उनका मनोबल बढ़ाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पूरे कार्यक्रम को यादगार बताया।

समापन कार्यक्रम में पुलिस मॉर्डन स्कूल का स्टॉफ, अन्य अधिकारियों के परिजन, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को सकारात्मक, सुरक्षित एवं रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन के सफल समापन पर अभिभावकों ने भी पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts