मुजफ्फरनगर में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर में सहायक संभागीय परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने कई संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, फिटनेस, परमिट तथा ओवरलोडिंग की जांच की। जांच में तीन ओवरलोड वाहन पाए गए, जिन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा एक ट्रैक्टर भी नियमों के उल्लंघन में संचालित पाया गया, जिस पर भी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई के दौरान कुल चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। इससे सड़कों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आम लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में संबंधित वाहन स्वामियों पर कुल दो लाख बारह हजार दो सौ पचास रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार ही वाहन संचालित करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। बिना परमिट, फिटनेस अथवा ओवरलोड वाहन चलाने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को लेकर आम लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया और कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts