मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से शिव चौक और कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण करते हुए यात्रा मार्ग पर की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होते ही मार्ग पर मौजूद कांवड़ियों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने हवाई निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई तैयारियों को देखा। कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधाओं और शिवभक्तों के लिए बनाए गए सेवा शिविरों की व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शिव चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। मुख्यमंत्री के इस अभिनंदन से कांवड़ियों में खुशी का माहौल रहा।























































