मुजफ्फरनगर। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कांवड़ मेले के दौरान जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर कांवड़ियों का हालचाल जाना। इस अवसर पर उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि डाक कांवड़ व कांवड़ मेले के दौरान सड़क दुर्घटनाओं या गंभीर बीमारियों के चलते जो भी कांवड़िए जिला अस्पताल में उपचार हेतु लाए जाएं, उन्हें तत्काल प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की टीम तत्परता से कार्य करें और किसी भी स्थिति में किसी मरीज को इंतजार न करना पड़े।इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद डॉ. तेवतिया ने अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों से भी बातचीत की और उन्हें स्वास्थ्य परामर्श दिया। इसके बाद उन्होंने हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के नाते जिला चिकित्सालय के कमरा नंबर 9 में ओपीडी की, जहां उन्होंने महिलाओं और पुरुषों को हड्डी रोगों से संबंधित समस्याओं पर परामर्श दिया। मरीजों ने उनकी विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए चिकित्सा संबंधी कई सवाल किए, जिनका उन्होंने विस्तार से समाधान किया।आमजन द्वारा इस दौरान डॉ. तेवतिया की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा गया कि वह प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ एक कुशल चिकित्सक के रूप में भी लगातार सक्रिय रहते हैं। यह जानकारी भी सामने आई कि वह प्रत्येक माह नियमित रूप से ओपीडी करते हैं और मरीजों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। मरीजों की सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण जिला चिकित्सालय की कार्यशैली में नई ऊर्जा का संचार करता है।इस मौके पर अस्पताल स्टाफ ने भी पूरी मुस्तैदी से व्यवस्थाएं संभाली और यह सुनिश्चित किया कि हर मरीज को आवश्यक उपचार समय पर मिले। कांवड़ मेले के मद्देनजर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता से व्यवस्थाएं संचालित कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।















