मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया ने आज जिला चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की साफ-सफाई बनाए रखने और भर्ती होने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र की प्रभारी डॉक्टर आरती नंदनवार से केंद्र में बच्चों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई। साथ ही, निर्देश दिया कि आईसीडीएस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक स्तर से सहयोग लेकर बच्चों की संख्या बढ़ाई जाए और इसे नियमित रूप से बनाए रखा जाए।
इस दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र की डाइटिशियन नेहा त्यागी और स्टाफ नर्स नीशू पंवार उपस्थित रहीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बाल रोग विशेषज्ञ को भी निर्देश दिया कि वे ओपीडी में आने वाले कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती करने के लिए रेफर करें।















