दिल्ली में छठ पूजा की धूम, शुक्रवार सुबह उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य; जानिए समय

महापर्व छठ का गुरुवार को तीसरा दिन था। पहले दिन नहाय खाय और दूसरे दिन खरना पूजा के साथ छठ व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। जिसके बाद व्रतियों ने गुरुवार शाम नेम निष्ठा से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।दिल्ली में भी इस पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया और व्रतधारी महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्ध्य देकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। क्या आम और क्या खास सभी लोगों ने मिलकर सूर्योपासना के इस पर्व में हिस्सा लिया।

अब शुक्रवार को पर्व के चौथे दिन उदीयमान सूर्य यानी उगते हुए सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान दिल्ली में सुबह 6 बजकर 39 मिनट पर व्रती लोग नदी या तालाब किनारे जाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे और पारण के साथ ही महापर्व छठ का समापन होगा। इस पर्व का उत्साह इतना ज्यादा रहता है कि व्रतियों के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्य व अड़ोस-पड़ोस के लोग भी अर्घ्य देने जाते हैं।

गुरुवार शाम को दिल्ली में भी छठव्रतियों ने डूबते सूर्य एवं छठमाता की आराधना की। इस दौरान आतिशबाजियां और गाजे-बाजे से माहौल रंगीन रहा, घाटों पर भीड़ कुछ ज्यादा ही दिखी। प्रसाद की वस्तुओं से भरे बांस से बने सूप और टोकरियों को घाट पर ले जाया गया, जहां सूर्य देव और छठी मैय्या को संध्या अर्घ्य दिया गया। इस दिन भक्त न कुछ खाते हैं और न ही जल पीते हैं। निर्जला व्रत छठ के चौथे या अंतिम दिन के सूर्योदय तक जारी रहता है जब सूर्य भगवान और छठी मैय्या को उषा अर्घ्य दिया जाता है।दिल्ली में मुख्यमंत्री आतिशी ने भी गिरी नगर के बालमुकुंद खंड में छठ पूजा घाट पर पूर्वांचली भाई-बहनों के साथ श्रद्धा और उत्साह से भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की।

आतिशी ने छठ महापर्व की शुभमकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली में आज छठ का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। दिल्ली के हर हिस्से में दिल्ली सरकार द्वारा भव्य छठ घाट बनाए गए है।

उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार पूर्वांचल के हमारे भाइयों-बहनों के लिए पिछले 10 साल से दिल्ली के कोने-कोने में शानदार छठ घाट बना रही है ताकि हमारे पूर्वांचली भाइयों-बहनों को कभी ऐसा नहीं लगे कि वो अपने गांव से दूर हैं।”

उन्होंने कहा कि, दिल्ली पूर्वांचली भाई-बहनों का घर है और उनकी वजह से छठ का यह त्यौहार आज सिर्फ़ पूर्वांचल नहीं बल्कि सभी दिल्लीवासियों का त्यौहार बन गया है। जिसे हम सब धूमधाम से मनाते हैं।

उधर इस मौके पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर लोग छठी मैया की पूजा कर रहे हैं। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूं कि वे सभी की मनोकामनाएं पूरी करें। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए कई जगहों पर व्यवस्था की है ताकि लोगों को छठ पूजा मनाने के लिए अपने घरों से ज्यादा दूर न जाना पड़े।’

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts