दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में अचानक धुआं दिखाई दिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. फ्लाइट में धुआं दिखाई देते ही यात्रियों में दहशत और घबराहट का माहौल छा गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया और फ्लाइट को राजकोट एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया, जहां उसने सफलतापूर्वक आपातकालीन लैंडिंग की. पायलट ने टाइम सिग्नल का इस्तेमाल करते हुए राजकोट एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई है. यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया.
दरअसल, इंडिगो की यह फ्लाइट मुंबई से दुबई के लिए रवाना हुई थी. लेकिन रास्ते में कार्गो वाले हिस्से में धुआं दिखाई देने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. एहतियात के तौर पर इस फ्लाइट की गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और एम्बुलेंस व 108 जैसी टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया था. फ्लाइट में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है. उन्हें अब दूसरी फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना किया जाएगा.
फ्लाइट में सवार थे 194 यात्री
ANI के मुताबिक, राजकोर्ट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोराह ने बताया कि दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.उन्होंने बताया कि फ्लाइट में कुल 194 यात्री सवार थे. धुएं की सूचना मिलते ही यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पायलट ने तुरंत विमान को राजकोट की ओर मोड़ने का फैसला लिया. विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई.
लैंडिंग की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट
डायरेक्टर दिगंत बोराह ने बताया कि इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया. स्थानीय अधिकारियों ने भी तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. एयरपोर्ट रनवे पर सभी इमरजेंसी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए. इसके अलावा, किसी भी संभावित इमरजेंसी से निपटने के लिए राजकोट फायर डिपार्टमेंट की कई फायर टेंडर और पानी के टैंकर मौके पर तैनात किए गए थे. हालांकि, सुरक्षित लैंडिंग के बाद उनकी जरूरत नहीं पड़ी.























































