नोएडा में फिर बवाल पुलिस पर किया पथराव, बसें और गाड़ियां तोड़ीं.

नोएडा में सोमवार को हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार की सुबह भी कई जगह पर मजदूरों ने पुलिस पर पथराव किया है. मजदूरों के प्रदर्शन के बीच एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. नोएडा के सेक्टर-121 में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.इस दौरान कई बसों और अन्य वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.

वहीं सेक्टर-80 में भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई, जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पत्थरबाजों को खदेड़ दिया. लगातार हो रही घटनाओं के चलते पूरे नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नोएडा के सेक्टर-70 में भी मजदूरों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आमना-सामना हुआ. हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और लोगों को शांत कराया. पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

सेक्टर-63 में फैक्ट्री के बाहर भीड़

मंगलवार को सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में श्रमिक इकट्ठा हो गए. जानकारी के मुताबिक कर्मचारी अपनी हाजिरी लगाने के लिए फैक्ट्री पहुंचे थे, क्योंकि फैक्ट्री मैनेजमेंट की ओर से 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस लगा दिया गया था. श्रमिकों को डर था कि अगर उन्होंने पंचिंग नहीं की तो उनका वेतन कट सकता है, इसी वजह से वे फैक्ट्री गेट पर इकट्ठा हो गए.

स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाया और उन्हें वापस भेज दिया. अधिकारियों ने श्रमिकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है और वेतन से संबंधित चिंता करने की जरूरत नहीं है

मैनेजमेंट ने क्या कहा?

फैक्ट्री मैनेजमेंट ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताया है. मैनेजमेंट का कहना है कि यह हंगामा एक प्लान के तहत कराया गया है और इसमें तथाकथित टूलकिट का इस्तेमाल किया गया है. साथ ही कुछ बाहरी तत्वों के शामिल होने की भी आशंका जताई गई है.

सेक्टर-6 में फ्लैग मार्च

सोमवार को अलग-अलग इलाकों में हुई हिंसा के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी के तहत सेक्टर-6 समेत कई क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

इलाके में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो. पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि कहीं भी भीड़ इकट्ठा न होने पाए. जहां भी भीड़ नजर आ रही है, वहां से लोगों को तुरंत हटाया जा रहा है.

पुलिस की सख्ती

नोएडा पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts