गाजियाबाद। जिला महिला अस्पताल में रविवार और रात में भी सिजेरियन प्रसव होंगे। व्यवस्था सुचारु करने के लिए चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई है। चिकित्सक ऑनकाल गर्भवती का ऑपरेशन करने अस्पताल पहुंचेंगी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि प्रतिदिन 25 से 30 गर्भवती महिलाओं के प्रसव हो रहे हैं। इनमें आठ से नौ सिजेरियन प्रसव हो रहे हैं। रात के समय में रोजाना दो से तीन सिजेरियन होते हैं। रविवार को छह से सात सिजेरियन की आवश्यकता होती है। इस दौरान महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने से गर्भवती को बाहर या दिल्ली का रास्ता दिखा दिया जाता था। सामान्य प्रसव अस्पताल में कर दिए जाते हैं। अब सिजेरियन प्रसव के लिए महिलाओं को रेफर करने की जरूरत नहीं होगी। सीएमएस ने बताया कि रात्रि सेवा और रविवार के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ का 10 दिन का रोस्टर तैयार कर दिया गया है।























































