मुजफ्फरनगर के श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में महिंद्रा ऑटोमोबाइल्स लिमिटेड ने विभिन्न विभागों के 32 छात्र-छात्राओं का चयन किया। बीटेक, बीसीए, बीबीए एवं बीकॉम पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों विनय त्यागी (जनरल मैनेजर), सचिन त्यागी (सेल्स मैनेजर) और स्वाति नायक (डिजिटल एंगेजमेंट मैनेजर) का कॉलेज के निदेशक डॉ. एस.एन. चौहान व ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के चीफ कोऑर्डिनेटर आशीष चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
प्लेसमेंट प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हुई, जिसमें पहले चरण में टेक्निकल साक्षात्कार और दूसरे चरण में एचआर साक्षात्कार हुआ। कुल 97 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 69 दूसरे चरण में पहुंचे और अंततः 32 विद्यार्थियों का चयन हुआ। संस्थापक चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने चयनित छात्रों, कैंपस प्लेसमेंट सेल और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्लेसमेंट सेल कड़ी मेहनत और समर्पण से कार्य कर रहा है, जिससे छात्र राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयनित हो रहे हैं।
चयनित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। कॉलेज के सेक्रेटरी संकल्प कुलश्रेष्ठ ने कहा कि जो छात्र इस बार चयनित नहीं हो सके, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है, भविष्य में और भी अवसर मिलेंगे। प्लेसमेंट प्रक्रिया के समापन पर निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने कंपनी प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। कंपनी ने चयनित छात्रों को परीक्षा के बाद कार्यभार संभालने का आमंत्रण दिया। इस आयोजन का कुशल संचालन इंजीनियर शिवानी कौशिक ने किया, जबकि मुख्य प्लेसमेंट अधिकारी आशीष चौहान के निर्देशन में पूरा कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रो. अनिरुद्ध, जतिन सिंघल और अन्य शिक्षकों का आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।















