रामगढ़ में किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का सजीव प्रसारण, किसानों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान

अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा में प्रधानमंत्री द्वारा जारी की गई पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नौगांवा में कृषि महाविद्यालय का निर्माण पूर्ण हो चुका है और जल्द ही उसका लोकार्पण संभावित है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने वाराणसी से 9 करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों के खातों में निधि हस्तांतरित की और विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं पर संवाद किया। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा से जुड़कर राज्य की योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर योगेश डागुर, एसडीएम अनिल मीणा, कृषि संयुक्त संचालक पीसी मीणा, एमडी को-ऑपरेटिव एसएन शर्मा सहित 35 से अधिक विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंच की अध्यक्षता वरिष्ठ वैज्ञानिक सुभाष यादव ने की, जिन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों जैसे बीजोत्पादन, फल-सब्जियों की पौध तैयार करना, सजीव प्रदर्शनी इकाइयों की जानकारी दी। मंच संचालन कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता सुमन खंडेलवाल ने किया। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार द्वारा छह किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान की स्वीकृतियां प्रदान की गईं।कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में बकरी, मुर्गी, गाय पालन, मधुमक्खी, केंचुआ पालन, पशु टीकाकरण, उन्नत बीज, लाइट ट्रैप व सोलर ट्रैप जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

हालांकि, आयोजन में बैठने की व्यवस्था सीमित होने के कारण कई किसानों को खड़े रहना पड़ा और कुछ को कार्यक्रम बीच में ही लौटना पड़ा। करीब 500 से अधिक कृषक, 100 से अधिक विद्यार्थी, आदान विक्रेता, युवा किसान, जनप्रतिनिधि और भाजपा के मंडल अध्यक्ष सहित गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। मीडिया कर्मियों को खड़े होकर कवरेज करना पड़ा और चिकित्सा अधिकारी तक को छांव में बैठना पड़ा, जिससे आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts