मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बार फिर अपने सतर्कता और कुशल कार्यशैली से अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिले में चल रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत बुढ़ाना थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 19 अगस्त 2025 को की गई, जब पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ तस्कर एक कार के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। जानकारी की पुष्टि होते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी गई। थोड़ी ही देर में एक आई-20 कार पुलिस टीम को आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया और उसमें सवार चारों तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद जब तलाशी ली गई तो अभियुक्तों के कब्जे से 1 किलो 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और तस्करी में प्रयुक्त आई-20 कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद स्मैक इतनी मात्रा में है कि यदि यह नशे की काली मंडी में पहुँच जाती तो सैकड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो सकता था। इसलिए यह कार्रवाई समाज हित और नशा मुक्त भारत अभियान की दिशा में बेहद अहम मानी जा रही है।इस बड़ी कामयाबी का श्रेय बुढ़ाना पुलिस की मुस्तैदी, सटीक खुफिया जानकारी और तत्परता को जाता है। नशे के इस अवैध कारोबार पर नकेल कसना पुलिस के लिए लगातार चुनौती रहा है, लेकिन “ऑपरेशन सवेरा” के तहत जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान ने अब तक कई बार अपराधियों के मंसूबों को ध्वस्त किया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार कहां-कहां तक फैले हुए हैं। संभावना है कि इस गिरोह के जरिए अन्य बड़े तस्करों का भी पर्दाफाश होगा।पुलिस टीम की इस सफलता से न केवल प्रशासन का मनोबल बढ़ा है बल्कि स्थानीय लोगों में भी संतोष और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। जिले में नशे के खिलाफ यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ युद्ध अभियान जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।















