मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने ब्लॉक बघरा के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा, प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी देसराज, प्राथमिक विद्यालय बघरा-3 और प्राथमिक विद्यालय जागाहेड़ी का निरीक्षण किया गया। अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले और शिक्षण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए शौचालय, पेयजल के लिए हैंडपंप व सबमर्सिबल तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था क्रियाशील मिली। सभी विद्यालयों में प्रथम सत्र की परीक्षाएं संचालित पाई गईं।
प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा में 73 में से 66, उच्च प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा में 51 में से 47, गढ़ी देसराज प्राथमिक विद्यालय में 35 में से सभी 35, उच्च प्राथमिक विद्यालय में 17 में से सभी 17, बघरा-3 में 142 में से 127 और जागाहेड़ी में 48 में से 31 बच्चे उपस्थित मिले। कुछ विद्यालयों में बच्चों की यूनिफॉर्म को लेकर कमी मिली, जिस पर सभी बच्चों की नियमित यूनिफॉर्म सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बीएसए ने विद्यालयों में निपुण लक्ष्य व तालिका चस्पा कराने, छतों की साफ-सफाई कराने और कक्षा एक से पांच तक के अधिकाधिक बच्चों का निपुण प्लस एप के माध्यम से आकलन कराने के निर्देश दिए। एमडीएम के दौरान शिक्षक को बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने तथा प्रतिदिन जीपीएस फोटो या वीडियो सुरक्षित रखने को कहा गया। स्मार्ट क्लास की एलईडी चालू रखने, सफाई कर्मचारी रजिस्टर बनाए रखने और नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। एमडीएम योजना के तहत प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के भोजन का सैंपल सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया।























































