मुजफ्फरनगर में व्यापारी सुरक्षा पर मंथन, पुलिस ने दिए सतर्कता और साइबर सुरक्षा के विशेष सुझाव.

मुजफ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, सीएफओ, नगर क्षेत्र के थाना प्रभारियों, उपनिरीक्षकों, पीडब्ल्यूडी विभाग, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों से उनकी समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और विधिक निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी साझा की गई और व्यापारियों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक अपराध ने कहा कि पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है, लेकिन व्यापारियों को भी अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक और सतर्क रहना होगा। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की दिशा सही रखने और प्रमुख बाजारों में सामूहिक रूप से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की सलाह दी। साथ ही बाजार क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, रात्रि सुरक्षा के लिए चौकीदार और सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा अधिक नकदी के परिवहन से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देने का सुझाव दिया गया। गोष्ठी में व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए व्यापारियों को साइबर फ्रॉड के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की। बैठक का उद्देश्य पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद में सुरक्षित और अपराधमुक्त व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करना रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts