पुलिस लाइन में पुस्तक मेला व कौशल विकास प्रदर्शनी का आयोजन,

मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवार के कल्याणार्थ संचालित वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में पुस्तक मेला एवं कौशल विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर प्रांगण के बहुउद्देशीय हाल में किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिसकर्मियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन वामा सारथी अध्यक्ष डॉ. नीलम राय, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर तथा वामा सारथी नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

बुक फेयर के दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक तथा रचनात्मक पुस्तकों से परिचित कराया गया। छोटे से लेकर बड़े बच्चों तक ने पुस्तक मेले में गहरी रुचि दिखाई और अनेक पुस्तकों को पढ़कर उनके विषयों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना, उनकी रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक शिक्षा से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराना रहा। पुलिस लाइन के बच्चों एवं लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन में लगभग 400 लोगों ने प्रतिभाग किया, वहीं बच्चों ने अपनी पसंद और रुचि के अनुसार विभिन्न पुस्तकों की खरीदारी भी की।

इसके अतिरिक्त वामा सारथी कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सिलाई एवं ब्यूटीशियन कोर्स की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए वस्त्रों, हस्तनिर्मित सामग्री एवं अन्य रचनात्मक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। वहीं ब्यूटीशियन कोर्स से जुड़ी महिलाओं ने लाइव प्रैक्टिकल के माध्यम से अपने हुनर का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं कौशलयुक्त बनाना तथा बच्चों को शिक्षा, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts