बिजनौर।गांव नारायणपुर रतन में छह माह की बच्ची को मस्जिद में रखकर परिजन फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि पति से विवाद के चलते महिला बच्ची को सास-ससुर के पास छोड़ गई थी। बाद में सास-ससुर बच्ची को मस्जिद में रखकर फरार हो गए। पुलिस ने बच्ची को मौसी के सुपुर्द किया।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर रतन निवासी नवाब का पत्नी सहाना परवीन से विवाद चल रहा है। नवाब बाहर रहकर काम करता है। शनिवार को नवाब की पत्नी शहाना परवीन अपनी छह माह की बच्ची को सास खैरूना और ससुर यूनुस के पास छोड़कर अपने मायके मंडावली थाने के गांव जमदरपुर चली गई।
इसके बाद सास ससुर भी छह माह की बच्ची को मस्जिद में रखकर और घर में ताला लगाकर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मंडावली पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने की वजह से पुलिस ने बच्ची को पड़ोसी को सुपुर्द कर दिया। रविवार सुबह पुलिस बच्ची को थाने ले गई।
मंडावली थाना प्रभारी विकास कुमार और उसकी टीम ने चार घंटे बच्ची का ख्याल रखा। पुलिस ने बच्ची को उसकी मां सहाना परवीन के पास पहुंचवाया, लेकिन वह गांव में नहीं मिली। बाद में पुलिस ने बच्ची को उसकी मौसी के सुपुर्द कर दिया।















