आगरा के थाना सदर क्षेत्र में एक घर के अंदर एलपीजी सिलेंडर से ब्लास्ट से दहशत फैल गई। सिलेंडर फटने के बाद घर को आग ने घेर लिया। आग में परिवार के सदस्य झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आग में झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
थाना सदर के शहीद नगर बड़ी मस्जिद के सामने एक घर में आज सुबह लगभग 11 बजे में सिलेंडर फटने से आग लग गई। जावेद ने बताया कि उसकी पत्नी रानी खाना बनाने के लिए चूल्हा जला रही थी। उसी दौरान सिलेंडर के पाइप ने आग पकड़ ली। उस समय जावेद पास ही पलंग पर लेटा हुआ था। मां बेबी पास में ही बैठी थी। पत्नी की चीख सुनकर रसोई की तरफ गया। उसी समय शाहरुख नाम का युवक चीख सुनकर ऊपर की तरफ भागा ओर आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने लगा।
बताया जा रहा है कि आग की तेजी को देखते हुए चारों लोग बाहर की तरफ भागे और सिलेंडर को वहीं छोड़ दिया। तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जिसकी वजह से आग तेजी से फैली और उसमें परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। तेज धमाके की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मौके पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर आधे घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया।















