शाहपुर (मुजफ्फरनगर) क्षेत्र के प्रतिष्ठित प्ले स्कूल “माय छोटा स्कूल” में शनिवार को ‘वार्षिक रिजल्ट डे 2025-26’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने गीत, नृत्य और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देख उपस्थित अभिभावक और अतिथि भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौरव सैनी और डॉ. अब्बास अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव रखती है और ऐसे आयोजनों से उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक हाजी इस्लामुदीन सैफी और पत्रकार खुर्शीद सैफी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार और सफल नागरिक बन सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्कूल के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में अभिभावकों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।















