मुजफ्फरनगर में नशीली दवाओं के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 4.72 लाख प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद

मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना खालापार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के बड़े जखीरे का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 4 लाख 72 हजार 800 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद कैप्सूल सेट्रामाडोल हाईड्रोक्लोराइड एवं डाईक्लोमाइन हाईड्रोक्लोराइड साल्ट से निर्मित बताए गए हैं, जिनका अवैध रूप से नशे के कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार थाना खालापार पुलिस टीम मिनाक्षी चौक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक एक कार्टून लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को संदेह होने पर दोनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके अन्य साथी थाना नई मंडी क्षेत्र के गांधी नगर स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं का स्टॉक रखते हैं और वहीं से सप्लाई का नेटवर्क संचालित किया जाता है।सूचना मिलते ही थाना खालापार पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर छापा मारा। पुलिस की दबिश के दौरान मौके से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मकान से कुल 22 कार्टून बरामद हुए, जिनमें लाखों प्रतिबंधित कैप्सूल भरे हुए थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से नशीली दवाओं की सप्लाई कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन जिलों और राज्यों तक जुड़े हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts