मीरापुर थाना पुलिस ने एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री को जब्त करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी जानसठ यतेन्द्र सिंह नागर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।इस कार्रवाई में, पुलिस ने भुम्मा नहर पुल के पास एक ईंख के खेत में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री पर छापा मारा। वहां से 12 बोर और 315 बोर के तंमचे, मसकट और जीवित कारतूस बरामद किए गए। कुल मिलाकर, दो तंमचे 12 बोर, दो तंमचे 315 बोर, दो मसकट 12 बोर, एक जीवित कारतूस 12 बोर और एक जीवित कारतूस 315 बोर के साथ-साथ अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।इस मामले में मीरापुर पुलिस ने मु0अ0स0 173/24 के तहत 3/5/25 आर्मस एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।















