मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना पुलिस ने लग्जरी वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को कांबिंग अभियान चलाकर दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार बदमाश दिल्ली-एनसीआर से महंगी एसयूवी और अन्य लग्जरी वाहनों की चोरी कर उनके इंजन व चेसिस नंबर बदल देते थे। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को विभिन्न राज्यों के अलावा म्यांमार तक बेचने की तैयारी करते थे। कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में की गई। संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह ने विज्ञाना मार्ग स्थित एक खंडहर में चोरी के वाहन छिपाकर रखे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर स्कॉर्पियो में बैठे बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर खंडहर से एक महिंद्रा थार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मारुति सुजुकी ब्रेजा और एक ऑल्टो कार बरामद की गई। इसके अलावा दो अवैध 315 बोर तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट तथा वाहन चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों के नेटवर्क और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।























































