मुजफ्फरनगर। जनपद के होनहार खिलाड़ियों अंगद और यश ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में अंगद ने 63-66 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया, जबकि यश ने 50-52 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन और खेल विभाग ने उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों को किट प्रदान कर पुष्पमाला पहनाई तथा अपने हाथों से मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान अंगद के पिता धर्मेंद्र कुमार एवं गुरुकुल के आचार्य सुरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। इस अवसर पर प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह, बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार तथा जिला खेल कार्यालय के प्रशिक्षकों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर नई उपलब्धियां हासिल कर सकें। खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।























































