मुजफ्फरनगर जनपद के गांव रई में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने एक महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन किया, जिसमें किसानों पर मंडी थाने में हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए 10 जुलाई को रामपुर तिराहे पर हाईवे जाम करने की घोषणा की गई। यह पंचायत किसान नेता राजपाल के आवास पर संपन्न हुई, जिसका संचालन चंदन त्यागी और अध्यक्षता अजय त्यागी ने की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि देश में किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस भाजपा सरकार को किसानों ने सत्ता में पहुँचाया, वही आज उनके खिलाफ दमनकारी कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने मंडी थाने में किसानों पर हुए लाठीचार्ज को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए इसे बर्बरता की संज्ञा दी।तोमर ने बताया कि 2 जुलाई को ‘किसान सम्मान बचाओ महापंचायत‘ के माध्यम से प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी दोषी पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते अब संगठन ने 10 जुलाई को दोपहर 1 बजे रामपुर तिराहे पर हाईवे जाम करने का फैसला लिया है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे दोपहर 12:30 बजे तक तिराहे पर एकत्र हों और शांतिपूर्वक अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करें।
पंचायत में तोमर ने मंडी कोतवाली के प्रभारी दिनेश बघेल पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों की खाकी और समाज दोनों को जरूरत नहीं है। यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता, तो इसके लिए पूरी ज़िम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी।















