मुजफ्फरनगर। इस्कॉन प्रचार समिति की ओर से शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 21 जून से भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा, जबकि 21 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रमों की जानकारी शुक्रवार को नई मंडी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने दी। समिति के संरक्षक लावण्य पुरी ने बताया कि संस्था पिछले 25 वर्षों से लगातार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा और भागवत कथा का आयोजन कर रही है। यह आयोजन साक्षी गोपाल दास जी के सानिध्य में संपन्न होता है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भागवत कथा का आयोजन 21 जून से 28 जून तक रामलीला मैदान, नई मंडी में किया जाएगा। कथा प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक होगी। समिति के चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने बताया कि कथा के दौरान विशेष धार्मिक आयोजनों की भी व्यवस्था की गई है। कथा के तृतीय दिवस पर कृष्ण जन्मोत्सव तथा पंचम दिवस पर गोवर्धन लीला का विशेष मंचन और आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन कथा समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
समिति के प्रधान मनोज खंडेलवाल ने बताया कि धार्मिक जागरूकता और हरिनाम संकीर्तन के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 21 जून से प्रतिदिन सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी तथा लोगों को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास करेगी। वहीं वाइस चेयरमैन कुलवंत सिंघल ने बताया कि 21 जुलाई को शाम 4 बजे नई मंडी स्थित मेहता क्लब से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा प्रारंभ होगी। रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।समिति के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से कथा और रथयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा धार्मिक आयोजनों का लाभ उठाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन की तैयारियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।























































