न्यू होराइजन स्कूल में धूमधाम से मना बसंत उत्सव, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मुजफ्फरनगर । न्यू होराइजन स्कूल में बसंत उत्सव प्रकृति की नवपल्लवित आभा, उल्लास और रंगों की सतरंगी छटा के बीच अत्यंत भव्य और मनमोहक वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। सांस्कृतिक महोत्सव को गरिमामयी बनाने के लिए मुख्य अतिथि चेयरपर्सन नगर पालिका मीनाक्षी स्वरूप तथा गेस्ट ऑफ ऑनर ईओ नगर पालिका प्रज्ञा सिंह की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके साथ ही पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा, उल्लास और उत्साह का वातावरण व्याप्त हो गया।

इस अवसर पर प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस और ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी के नन्हे बच्चों ने कीट-पतंगों और पशु-पक्षियों के आकर्षक रूप धारण कर मंच पर मनमोहक प्रस्तुति दी। एलकेजी के विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा को जीवंत रूप देकर ‘एक भारत—श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार किया, जबकि यूकेजी की ओपन कैटेगरी में बच्चों की कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास देखते ही बनता था।

कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा से बसंत ऋतु की कोमलता, रंगीन फूलों और उल्लास को चित्रों के माध्यम से कागज पर उतार दिया। बच्चों के हाथों पर बने रंग-बिरंगे टैटू भी आकर्षण का केंद्र बने, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय और आनंद से सराबोर दिखाई दिया। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में आशा जैन, मुक्ता वर्मा, पूर्णिमा कंबोज, अनु कुच्छल, अल्पना गोयल, नीरू शर्मा और अंजली मित्तल की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई उड़ान देते हैं। बसंत उत्सव विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts