राजगढ़ (अलवर) में भारत विकास परिषद शाखा राजगढ़ एवं एक निजी स्कूल के संयुक्त तत्वाधान में बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद की अध्यक्ष पदमा गोयल ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, विद्या और सृजनात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को जीवन का आधार बनाते हुए संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं सचिव रश्मि विजय एवं अन्य वक्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर देश सेवा के मार्ग पर चला जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने मां सरस्वती पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा। इसके साथ ही भारत विकास परिषद द्वारा प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को परिषद की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत बच्चों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष पदमा गोयल, सचिव रश्मि विजय, सदस्य नरेंद्र शर्मा सहित परिषद के अन्य सदस्य एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।















