मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और वहां कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली, जिसमें उन्होंने परिवार नियोजन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार के लिए परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है, इसलिए आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दें और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया। सीएमओ ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें नियमित जांच के लिए प्रेरित करना और प्रसव के समय स्वास्थ्य संस्थान तक लाना आशा एवं एएनएम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी गर्भवती महिला का घर पर प्रसव न हो, बल्कि सभी प्रसव स्वास्थ्य केंद्रों पर ही कराए जाएं, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा भी बैठक में मौजूद रहीं और उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
निरीक्षण के अगले चरण में सीएमओ ने सीएचसी के विभिन्न विभागों का दौरा किया, जहां साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने व्यवस्थाओं में जहां कमी पाई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी में बैठकर उन्होंने स्वयं विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में मरीजों का परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक परामर्श व उपचार प्रदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया।
सीएमओ ने अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके और जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत बन सके।














