बागपत। कोतवाली के समीप रेहड़ी वाले अमित कुमार की पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया। उसे एसपी तक मामला पहुंचने के बाद छुड़वाया गया, मगर पुलिस ने एसपी से शिकायत करने से नाराज होकर उसे दोबारा पीटा।
जिसमें बुधवार को सभासदों व भाजपा नेताओं के साथ ही पीड़ित ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। शहर की माता कॉलोनी निवासी अमित कुमार कोतवाली के समीप रेहड़ी लगाकर मोबाइल के कवर व चार्जर बेचता है। आरोप है कि उसे मंगलवार को चौकी प्रभारी ने कोतवाली में ले जाकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पहुंचे सभासदों ने कोतवाली प्रभारी को जानकारी दी तो अमित को छोड़ दिया गया। आरोप लगाया कि कई घंटे बाद फिर से अमित को कोतवाली में लेजाकर चौकी प्रभारी ने थप्पड़ मारे।
इसके बाद एसपी को पूरे मामले की जानकारी दी गई तो करीब एक घंटे बाद एसपी ने रेहड़ी संचालक को छुड़वाया। इससे ही नाराज पुलिस ने रात करीब दस बजे अमित को साथियों के साथ कांवड़ लाने के लिए रिवर पार्क के समीप दौड़ लगाते हुए पकड़ लिया। वहां पुलिस कर्मियों ने उसकी पिटाई की। इस मामले में भाजपा के सभासद संजय रुहेला, भवीचंद कश्यप समेत अन्य नेता नितिन चौधरी, योगेश गुर्जर, मोहनपाल, विनोद शर्मा, अमरदीप ठाकुर, ऋषिपाल ने एसपी से मुलाकात की।
इस मामले में रेहड़ी वाले का में कराकर चौकी इंचार्ज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता धरना देंगे। उधर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।















