B.Tech की पढ़ाई से 1.23 करोड़ के पैकेज तक,

अक्सर माना जाता है कि इंजीनियरिंग में मोटा पैकेज सिर्फ IIT और NIT के छात्रों को ही मिलता है, लेकिन इस बार दिल्ली के एक संस्थान ने यह धारणा तोड़ दी है। इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT-Delhi) के एक बीटेक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज ऑफर हुआ है। बता दें, संस्थान द्वारा जारी प्लेसमेंट रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल बीटेक में सबसे ज्यादा CTC 122.76 लाख रुपये यानी करीब 1.23 करोड़ रुपये रहा है। वहीं एमटेक में सबसे बड़ा पैकेज 38.48 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया है। सबसे खास बात ये है कि इस साल IIIT दिल्ली के 98.26 प्रतिशत बीटेक छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है।

औसत पैकेज भी 20 लाख के पार

IIIT दिल्ली में इस साल प्लेसमेंट का रिकॉर्ड शानदार रहा। बीटेक छात्रों का औसत पैकेज 20.77 लाख रुपये सालाना रहा, जबकि एमटेक छात्रों का औसत 17.05 लाख रुपये रहा। सभी कोर्स को मिलाकर संस्थान का ओवरऑल औसत पैकेज 19.59 लाख रुपये सालाना रहा है। संस्थान के छात्रों को देश ही नहीं, विदेशी कंपनियों से भी ऑफर मिले हैं। इंटरनेशनल प्लेसमेंट में सबसे ज्यादा पैकेज 48.65 लाख रुपये सालाना रहा।

868 छात्रों को मिले ऑफर .

बता दें, 2026 प्लेसमेंट सीजन में छात्रों को कुल 868 ऑफर मिले हैं। इनमें 682 फुल-टाइम जॉब के ऑफर के साथ-साथ और 186 समर इंटर्नशिप के लिए थे। बीटेक छात्रों को कुल 679 भारतीय और 2 विदेशी कंपनियों से ऑफर मिले।अगर ऑफर कैटेगरी की बात करें तो बीटेक छात्रों को 372 A+ ऑफर मिले, जिनका CTC 12.50 लाख रुपये से ज्यादा था। इसके अलावा 222 A ऑफर मिले जिनका पैकेज 7 लाख से 12 लाख के बीच था। वहीं 88 B ऑफर ऐसे थे जिनका CTC 7 लाख से कम था, लेकिन इनमें से 60 ऑफर बाद में अपग्रेड होकर A या A+ कैटेगरी में पहुंच गए। IIIT दिल्ली की यह प्लेसमेंट रिपोर्ट यह साबित करती है कि अब टॉप पैकेज के लिए सिर्फ IIT-NIT ही विकल्प नहीं हैं। बेहतर स्किल और सही संस्थान के दम पर IIIT के छात्र भी करोड़ों के पैकेज हासिल कर रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts