मुज़फ्फरनगर।
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया इकाई द्वारा जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण इकाई की ओर से मलेरिया की रोकथाम और प्रसार पर नियंत्रण के उद्देश्य से जन जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार सामग्री से सुसज्जित ई-रिक्शा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन नगर के हाई रिस्क क्षेत्रों में भ्रमण कर ऑडियो मैसेज और जिंगल्स के माध्यम से जनता को मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के आसान उपायों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों और मोहल्लों में मलेरिया इकाई के कर्मचारियों ने संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए। इसी क्रम में स्कूल जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ब्लॉक पुरकाजी के बसेड़ा ग्राम स्थित हेरिटेज पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, वीबीडी कंसल्टेंट एहतेशाम खान और मलेरिया निरीक्षक विजय यादव ने छात्र-छात्राओं को मलेरिया दिवस के उद्देश्य, वर्तमान स्थिति, सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता तथा रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्रों का उत्साहपूर्वक सहयोग देखने को मिला। इस अवसर पर एहतेशाम खान ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को मलेरिया की रोकथाम हेतु शपथ भी दिलाई। साथ ही, आगामी संचरण काल में मलेरिया और डेंगू से बचाव हेतु “हर रविवार, मच्छर, परिवार और लार्वा पर प्रहार” का नारा भी साझा किया गया।















