औरैया जिले के अयाना थाना पुलिस और साइबर टीम ने साइबर ठगी करने वाले चार शातिर अपराधियों को भौंतापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। ये आरोपी कम पढ़े-लिखे लोगों को झांसे में लेकर उनके सिम कार्ड और बैंक खातों के कागजात हासिल कर साइबर ठगी करते थे।
अब तक इन आरोपियों ने 31 लोगों से 32.78 लाख रुपये की ठगी की है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आगरा के हुब्बलाल नगर निवासी रमेश कुशवाहा, कृष्णा नगर निवासी गिरीश कुशवाहा, धौलपुर (राजस्थान) के महचौली निवासी विमल कुमार शर्मा और भरतपुर (राजस्थान) के हिंगोटा बेढ़म निवासी वारिश शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो बाइक, छह मोबाइल फोन, दो फर्जी आधार कार्ड, नौ पासबुक, तीन चेकबुक, चार पोस्ट ऑफिस पासबुक, छह एटीएम कार्ड, चार रजिस्टर और 4300 रुपये नकद बरामद किए।
जांच में पता चला कि इन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।शातिर ठग लोगों को घर बैठकर काम दिलाने या अच्छी नौकरी का झांसा देकर उनके बैंक खातों और सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। हाल ही में, उन्होंने अयाना कस्बे के निवासी विकास सक्सेना को एयरपोर्ट पर नौकरी का झांसा देकर उनके बैंक खाते और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।















