औरैया, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर रविवार शाम को पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने एक कैंडिल मार्च निकाला। यह मार्च शहर के सुभाष चौराहे से शुरू होकर शहीद पार्क तक गया, जिसमें पार्टी की महिलाएं और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान, सपा कार्यकर्ताओं ने दोषियों को फांसी देने की मांग की और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
कैंडिल मार्च का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने किया। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौतम ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार लगातार दावा करती है कि बेटियां सुरक्षित हैं, लेकिन यह घटना सरकार के दावों की सच्चाई को उजागर करती है।”उन्होंने हाल ही में अयोध्या के शहनवा गांव में घटित घटना का हवाला देते हुए बताया कि गत गुरूवार को एक लड़की लापता हुई थी, जो तीन दिन बाद नाले में निर्वस्त्र अवस्था में पाई गई। इसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे और उसके हाथ बंधे हुए थे। इस घटना को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला किया और दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग की।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रश्मि यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सरकार ने दावे किए थे कि बेटियां सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने साबित कर दिया कि ये दावे झूठे हैं और सिर्फ राजनीति की हवा बाजी हो रही है।”सपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस घटना के विरोध में आवाज उठाई और सरकार से सख्त कार्रवाई की अपील की।















