मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाने पर वर्ष 2013 से खड़े 14 माल मुकदमाती वाहनों की नीलामी कराकर निस्तारण कराया। यह कार्रवाई जनपद में लंबित माल एवं वाहनों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस ने यह कार्रवाई पूरी की। क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय तथा प्रभारी निरीक्षक मंसूरपुर विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। लंबे समय से थाने में खड़े इन वाहनों के कारण परिसर में स्थान घिरा हुआ था।
न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार वाहनों की नीलामी कराकर उनका निस्तारण किया गया। नीलामी से पुलिस को कुल 1,56,000 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लंबित माल और वाहनों के निस्तारण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे थानों में वर्षों से पड़े वाहनों का नियमानुसार निस्तारण होने के साथ ही पुलिस परिसरों में भी जगह उपलब्ध होगी। मंसूरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित 14 वाहनों के निस्तारण का रास्ता साफ हुआ है।























































