मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित क्रिकेट सचिन तेंदुलकर का आलीशान बंगला किसी महल से कम नहीं है। करीब 6,000 स्क्वायर फीट में फैला यह खूबसूरत आशियाना ‘दोराब विला’ नाम से जाना जाता है। 1926 के दौर के पारसी आर्किटेक्चर और आधुनिक सुविधाओं का शानदार मेल इस घर को खास बनाता है। मैदान पर रनों का अंबार लगाने वाले मास्टर ब्लास्टर असल जिंदगी में सादगी और रॉयल अंदाज के साथ रहते हैं। इस घर में वह अपनी पत्नी अंजलि, बेटे अर्जुन और बेटी सारा के साथ रहते हैं।
39 करोड़ में खरीदा, अब कीमत 100 करोड़ के पार
सचिन ने इस बंगले को साल 2007 में करीब 39 करोड़ रुपये में खरीदा था। बताया जाता है कि आज इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। इस घर को अपने सपनों के अनुसार सजाने और नया रूप देने में उन्हें पूरे चार साल लगे। वर्ष 2011 में पूरा परिवार यहां शिफ्ट हुआ। यह बंगला उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो अपने घर में इतिहास और आधुनिकता का संतुलन चाहते हैं।
भव्य प्रवेश द्वार और सुकून भरा लिविंग रूम
इस बहुमंजिला बंगले में दो बेसमेंट और एक शानदार टैरेस भी है। घर का मुख्य दरवाजा गहरे रंग की लकड़ी से बना है, जिस पर खूबसूरत नक्काशी की गई है। प्रवेश द्वार के दोनों ओर काले संगमरमर का फर्श और सलीके से सजे गमले घर की भव्यता को और बढ़ाते हैं।लिविंग रूम को सफेद और भूरे रंगों की थीम में सजाया गया है। यहां आरामदायक सोफे, रंग-बिरंगे कुशन और क्रीम रंग का चमकदार मार्बल फर्श है। कमरे के एक कोने में चमड़े की बड़ी कुर्सी और आइवरी रंग के लैंप सादगी और रॉयल्टी का एहसास कराते हैं।
ट्रॉफियों से सजा गौरव का कोना
घर की सबसे खास जगह वह है जहां सचिन को मिले अवॉर्ड्स और ट्रॉफियां बड़े करीने से सजाकर रखी गई हैं। यह हिस्सा उनके शानदार क्रिकेट करियर की याद दिलाता है। लिविंग एरिया से सटा डाइनिंग स्पेस सागवान की लकड़ी की बनी मेज और गहरे भूरे रंग की चमड़े की कुर्सियों से सुसज्जित है, जो पूरे घर को एक क्लासिक और एलिगेंट लुक देता है।















