मुजफ्फरनगर। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ओ-लेवल कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से ओ-लेवल कम्प्यूटर कोर्स का प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां प्राप्त कर सकेंगे, जिनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट तथा योजना के पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है तथा किसी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
https://backwardwelfareup.gov.in
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों के साथ 10 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक अनिवार्य रूप से जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में जमा करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन अथवा अधूरे दस्तावेजों वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। विभाग का मानना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं अथवा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।















