माफिया अशरफ की शह पर वक्फ बोर्ड की 50 करोड़ की प्रॉपर्टी हड़पने के आरोपी पूर्व मुतवल्ली का एक और कारनामा सामने आया है। नए मुतवल्ली ने नखासकोहना में वक्फ बोर्ड की संपत्ति हड़पने की कोशिश के आरोप में चार लोगों के खिलाफ शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस प्रकरण में वक्फ बोर्ड को तीन महीने के अंदर सत्यापन करके मुतवल्ली को रिपोर्ट भेजनी है। सत्यापन के दौरान इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई है।
नीवा निवासी अम्माद हसन वक्फ बोर्ड के नए मुतवल्ली बने हैं। उन्होंने शाहगंज थाने में पूर्व मुतवल्ली मो. असियम, उनके दोनों बेटों मो. हासिर व समद अहमद और अनस जाफरी के खिलाफ जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि नखासकोहना स्थित वक्फ प्रापर्टी पर स्थित दुकान का ताला आठ मार्च की दोपहर में तोड़ दिया गया। आरोप है कि पूर्व मुतवल्ली मो. असियम और उनके बेटों ने वक्फ की मार्केट पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। इसके साथ ही एक दुकान का ताला तोड़कर उस पर अवैध कब्जा भी कर लिया। इसकी जानकारी मिलने वह मौके पर पहुंचे तो उन्हें आरोपियों ने गाली दी और जान से मारने की धमकी देने लगे।
करोड़ों की जमीन हड़पने में अशरफ की पत्नी और साले हैं नामजद
माफिया अशरफ के गुर्गों ने पूरामुफ्ती इलाके में सुन्नी वक्फ बोर्ड की 50 करोड़ की जमीन हड़प ली थी। इस जमीन पर प्लाटिंग व निर्माण कर अशरफ की ससुरालवालों को आर्थिक लाभ पहुंचाया गया था। वक्फ बोर्ड के केयरटेकर की शिकायत पर बीते दिनों अशरफ की फरार पत्नी जैनब फातिमा, अशरफ के दोनों सालों समेत सात लोगों के खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में फर्जीवाड़ा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। इनमें से एक आरोपी अशरफ का साला सद्दाम पहले से जेल में बंद हैं।
एफआईआर के मुताबिक पुरामुफ्ती के सल्लाहपुर में सुन्नी वक्फ बोर्ड 67 की संपत्ति हैं। इसका मुतवल्ली मो असियम था। मुतवल्ली ने वक्फ का केयरटेकर माबूद अहमद को बनाया था। कुछ समय पहले केयरटेकर माबूद बीमार हो गया और इलाज के लिए शहर के बाहर चला गया। इस बीच अतीक-अशरफ के जिंदा रहते अशरफ की पत्नी जैनब, उसका साला सद्दाम व जैद, सिवली प्रधान, तारिक और मुतवल्ली असियम व उसकी पत्नी जिन्नत ने कूटरचित दस्तावेज तैयार करके वक्फ की प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लिया।
इकरारनामा भी तैयार कर लिया था। अतीक और अशरफ की हत्या के बाद नकदी जुटाने के लिए वक्फ की प्रॉपर्टी पर निर्माण कराकर उसे दुकानदारों को बेचना शुरू कर दिया। इलाज के बाद जब केयरटेकर माबूद अहमद लौटा तो दंग रह गया। उसकी शिकायत पर अशरफ की पत्नी और साले समेत सात पर मुकदमा दर्ज हुआ। हालांकि इसमें कोई आरोपी आज तक गिरफ्तार नहीं हुआ।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
– मो. असियम-मुतवल्ली
– मो. असियम की पत्नी जिन्नत
– अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा
– अशरफ का साला सद्दाम
– अशरफ का साला जैद
– सिवली – प्रधान
– तारिक















